
ईद-उल-अजहा के मौके पर उदयपुर शहर गुरूवार को पूरी तरह उत्साह, आस्था और भाईचारे के रंग में रंगा नजर आया। सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोग नए परिधानों में सजकर मस्जिदों की ओर जाते दिखाई दिए। चेटक स्थित पलटन मस्जिद में बड़ी संख्या में नमाजियों ने पहुंचकर विशेष नमाज अदा की। इसके अलावा शहर की अन्य प्रमुख मस्जिदों में भी ईद की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। नमाज के दौरान लोगों ने देश और प्रदेश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज पूरी होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। मस्जिद परिसरों में सुबह से ही रौनक का माहौल देखने को मिला। बकरीद के पर्व को लेकर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह नजर आया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में त्योहार को लेकर खुशी दिखाई दी। कई स्थानों पर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी दिया गया। त्योहार को देखते हुए शहर में सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा ताकि नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। उदयपुर में बकरीद का यह पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश देता नजर आया, जहां लोगों ने मिल-जुलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
27 May 2026